चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है। यह जानकारी पार्टी के प्रवक्ता राजेश भट्ट ने शुक्रवार को दी। इस मामले में पटना के साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।
राजेश भट्ट के अनुसार, यह धमकी ‘टाइगर मेराज इदिसी’ नामक इंस्टाग्राम यूजर ने दी है। उन्होंने शिकायत में कहा कि यह धमकी चिराग पासवान की बढ़ती लोकप्रियता के कारण दी गई है और यह कृत्य अपराध की नीयत और अवैध गतिविधियों में शामिल होने को दर्शाता है। भट्ट ने अपनी लिखित शिकायत में कहा, “मैं आपसे निवेदन करता हूं कि इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई करें और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाएं।”
11 जुलाई को मिली थी धमकी
इस मामले पर संज्ञान लेते हुए साइबर डीसीपी नितीश चंद्र धारिया ने कहा कि “11 जुलाई की रात करीब 9 बजे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली। इस संबंध में पटना साइबर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।”
जनसभा में किया था चुनाव लड़ने का ऐलान
हाल ही में चिराग पासवान ने सारण में एक जनसभा के दौरान आगामी बिहार चुनाव में अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि “मैं बिहार की जनता, भाइयों-बहनों और माताओं के लिए चुनाव लड़ूंगा और विकास की दिशा में एक नई व्यवस्था बनाएंगे।”
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) वर्तमान में एनडीए का हिस्सा है, लेकिन आगामी चुनाव में गठबंधन पर अभी चिराग पासवान की ओर से अंतिम घोषणा नहीं हुई है। बिहार में चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में होने की संभावना है, हालांकि चुनाव आयोग ने अभी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है।





