तालापारा मिनी बस्ती के बच्चों ने किया सिविल लाइन थाने का भ्रमण, सीखे कानून और सुरक्षा से जुड़े अहम पाठ

बिलासपुर। समाजसेवी एडवोकेट कुमारी सीमा वर्मा और चंचल सलूजा के नेतृत्व में तालापारा मिनी बस्ती के 45 से 50 बच्चों ने शनिवार को जागरूकता अभियान के तहत सिविल लाइन थाना का भ्रमण किया।
इस दौरान थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने बच्चों को थाना परिसर में होने वाली रोजमर्रा की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि शिकायत कैसे दर्ज की जाती है, अपराध की जांच और पूछताछ कैसे होती है, और आरोपी को बंदीगृह में कैसे रखा जाता है।
बच्चों को डायल 112, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बेड टच और साइबर क्राइम से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को समझाया कि अगर कोई गलत काम करता है तो पुलिस उसे सजा दिलवाने का काम करती है। इसलिए पुलिस से डरने की बजाय उसे अपना दोस्त समझें।
बच्चों को यह भी बताया गया कि अगर कोई उनके साथ गलत व्यवहार करता है, तो वे बिना झिझक अपने माता-पिता के साथ थाने आकर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क करना था।





