बिजली गिरने से बच्ची की मौत, छत्तीसगढ़ में मौसम बदला; बारिश और आंधी का अलर्ट

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्ची बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी थी। इस दौरान पास में मौजूद दो अन्य लड़कियां भी बिजली की चपेट में आईं, लेकिन उनकी जान बच गई।
प्रदेश में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें गिरावट की संभावना है।
रायपुर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में आंधी-बारिश की स्थिति बनी हुई है। रायपुर सहित कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





