नक्सल प्रभावित मुलेर गांव पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ग्रामीणों से खाट पर बैठकर सुनी समस्याएं

दंतेवाड़ा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को सुशासन तिहार के तहत दंतेवाड़ा जिले के घोर नक्सल प्रभावित मुलेर गांव का दौरा किया। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए पहचाना जाने वाला यह गांव अब बदलाव की राह पर है।
मुख्यमंत्री ने गांव के बीचोंबीच एक इमली के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई और खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की। ग्रामीणों ने भी पारंपरिक अंदाज़ में महुआ और आम के पत्तों से बने हार और गौर मुकुट पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अफसरों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही वे आंगनबाड़ी केंद्र पहुँचे, बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भी बाँटी।
सीएम ने गांव की राशन दुकान का निरीक्षण भी किया और पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजी अरुण देव गौतम और प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद थे। सुरक्षा के लिहाज से गांव में बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए थे।
यह दौरा इस बात का संकेत है कि सरकार अब नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास और भरोसे का नया माहौल बना रही है।





