प्रदेश में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की समीक्षा बैठक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक का मकसद प्रदेश की सिंचाई व्यवस्था को और बेहतर बनाना था।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौजूदा सिंचाई परियोजनाओं की मरम्मत और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट नियमित रूप से करें और यह सुनिश्चित करें कि पानी का उपयोग अधिक से अधिक खेती में हो और अपव्यय न हो।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी बांधों की जल भराव क्षमता, वर्तमान सिंचाई स्थिति और आगे की परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नहरों से पानी के परिवहन में जो नुकसान होता है, उसे रोकने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए। साथ ही, अंडरग्राउंड पाइपलाइन जैसी योजनाओं को अपनाकर जल उपयोग की दक्षता बढ़ाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा संभाग की अधूरी पड़ी सिंचाई योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया ताकि किसानों को समय से लाभ मिल सके।
उन्होंने भारत सरकार से वित्तीय सहायता के लिए जरूरी प्रस्ताव जल्द भेजने और भू-जल संकट वाले 26 विकासखण्डों के लिए विशेष परियोजनाएं तैयार करने के निर्देश भी दिए।
इस बैठक में जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





