जशपुर जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने दिलाई शपथ, बार काउंसिल के लिए 1 करोड़ की घोषणा

जशपुर, 16 मार्च 2025जशपुर जिला व्यवहार न्यायालय में आयोजित जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें न्यायिक सेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दिलाते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मंसूर अहमद, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जनार्दन खरे, विधायक श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनी भगत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश साय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री जनार्दन प्रसाद सिन्हा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका कुजूर, सचिव श्री सत्य प्रकाश तिवारी, सह सचिव श्री सूरज चौरसिया, कोषाध्यक्ष श्री सुचेन्द्र कुमार सिंह, ग्रंथपाल श्री गोपाल प्रसाद रवानी और क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव श्री सत्येन्द्र जोल्हे शामिल थे। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र की रीढ़ है और इसमें अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

अधिवक्ताओं को न्याय प्रक्रिया तेज करने का आह्वान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अधिवक्ताओं को पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ न्याय प्रक्रिया को तेज करने में योगदान देना चाहिए, ताकि समाज के वंचित तबके को भी न्याय मिल सके। उन्होंने जशपुर जिला अधिवक्ता संघ के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि यह संघ हमेशा से सामाजिक न्याय और विधिक सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने श्री भारतचंद काबरा, श्री बालासाहेब देशपांडे और श्री नरहरि साय जैसी विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा कि इन सभी ने पीड़ितों और वंचितों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

बार काउंसिल के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिवक्ताओं के लिए सुविधाओं के उन्नयन हेतु बार काउंसिल के जीर्णोद्धार और ई-लाइब्रेरी के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी से अधिवक्ताओं और कानून के छात्रों को नवीनतम विधिक जानकारी और अद्यतन संदर्भ सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे न्यायिक प्रक्रियाओं में दक्षता बढ़ेगी।

न्यायपालिका और अधिवक्ता संघ का अटूट रिश्ता

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मंसूर अहमद ने कहा कि न्यायपालिका और अधिवक्ता संघ का अटूट रिश्ता है, और दोनों को मिलकर समाज में न्याय और विधि व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहिए।

इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, पवन साय, कृष्ण कुमार राय, रामप्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button