मोवा के चिकन सेंटर में गंदगी मिली: निगम की टीम ने दुकान सील की

रायपुर। रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन 9 की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विधानसभा मार्ग, मोवा स्थित एक चिकन सेंटर पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में भारी गंदगी और साफ–सफाई का बिल्कुल अभाव पाया गया।
जनशिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में जोन 9 के जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी मौजूद रहे। टीम ने मौके की स्थिति को देखते हुए तुरंत दुकान पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया।
निगम को इस चिकन सेंटर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आयुक्त विश्वदीप ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद जोन स्तर पर तेजी से जांच कर कार्रवाई पूरी की गई।





