छत्तीसगढ़ के होनहारों ने UPSC में बढ़ाया प्रदेश का मान, बिलासपुर की पूर्वा अग्रवाल को 65वीं रैंक

रायपुर। UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है और छत्तीसगढ़ के कई होनहार युवाओं ने इसमें शानदार प्रदर्शन किया है।
बिलासपुर की पूर्वा अग्रवाल ने इस बार पूरे देश में 65वीं रैंक हासिल की है। इससे पहले 2023 में भी उन्होंने UPSC पास कर IPS बनकर छत्तीसगढ़ कैडर पाया था। तब उन्हें 189वीं रैंक मिली थी। लगातार दूसरी बार मिली सफलता उनकी मेहनत और लगन को दिखाती है।
मुंगेली के अर्पण चोपड़ा को इस बार 313वीं रैंक मिली है। वे मुंगेली नगर पालिका के कांग्रेस पार्षद अभय चोपड़ा के भाई हैं। अर्पण इस समय दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
बस्तर के जगदलपुर की मानसी जैन ने 444वीं रैंक हासिल की है। वे निर्मल विद्यालय से पढ़ी हैं और IIT धनबाद से एमटेक कर चुकी हैं। पिछले साल भी उन्होंने UPSC क्लियर किया था लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया था। इस बार उन्होंने अपने सपने को पूरा कर दिखाया। उनके पिता मुकेश जैन शिक्षक हैं और पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
अंबिकापुर के केशव गर्ग ने भी सफलता की लकीर खींचते हुए 496वीं रैंक हासिल की है।
सभी सफल उम्मीदवारों ने ना सिर्फ अपने परिवार का बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। UPSC का रिजल्ट आयोग की वेबसाइट upsc.gov.in पर देखा जा सकता है।





