अमेरिका में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का जलवा, San Francisco में धूमधाम से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस

रायपुर। अमेरिका के San Francisco में भारतीय दूतावास द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोककला ने विदेश की भूमि पर अपनी खास छाप छोड़ी।
कार्यक्रम में NACHA (North America Chhattisgarh Association) के बे एरिया चैप्टर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने एक आकर्षक स्टॉल लगाया, जिसमें छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हस्तशिल्प, लोककला, आभूषण और राज्य के विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। विदेशी मेहमानों ने इन कलाओं और वस्तुओं की खूब सराहना की।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य का शानदार प्रदर्शन, जिसे देखकर भारतीय प्रवासी समुदाय और अन्य देशों के लोग मंत्रमुग्ध हो गए। पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत इस नृत्य ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया।
NACHA के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को पूरी दुनिया में फैलाना है। उन्होंने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़वासी अपने राज्य की पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने NACHA बे एरिया चैप्टर को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़वासी राज्य के “सांस्कृतिक राजदूत” हैं, जो अपनी जड़ों से जुड़े रहकर छत्तीसगढ़ की अस्मिता और संस्कृति को पूरी दुनिया में प्रसारित कर रहे हैं।





