छत्तीसगढ़ का 25वां बजट 24 फरवरी को: GYAN–GATI के बाद अब क्या होगी नई थीम?

रायपुर। छत्तीसगढ़ का 25वां बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपने कार्यकाल का तीसरा बजट प्रस्तुत करेंगे। हर साल की तरह इस बार भी बजट की थीम और ब्रीफकेस को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।
GYAN और GATI के बाद अगली थीम?
ओपी चौधरी अब तक दो बजट पेश कर चुके हैं-
पहला बजट – ‘GYAN’ थीम
- G – Garib (गरीब)
- Y – Yuva (युवा)
- A – Annadata (किसान)
- N – Nari (महिला)
दूसरा बजट – ‘GATI’ थीम
- G – Good Governance (सुशासन)
- A – Accelerating Infrastructure (आधारभूत संरचना)
- T – Technology (प्रौद्योगिकी)
- I – Industrial Growth (औद्योगिक विकास)
दूसरा बजट पूरी तरह डिजिटल था और टेक्नोलॉजी व इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस रहा। अब तीसरे बजट की थीम को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार कोई नया विजन पेश कर सकती है।
ब्रीफकेस में क्या होगा नया?
छत्तीसगढ़ में बजट ब्रीफकेस भी चर्चा का विषय रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 2022 में गोबर से बने ब्रीफकेस के साथ बजट पेश कर अनोखी पहल की थी।
वहीं ओपी चौधरी ने पहली बार ब्लैक कलर के ब्रीफकेस के साथ ‘GYAN’ थीम प्रस्तुत की थी, जिसमें आदिम जनजातीय कला ढोकरा शिल्प की झलक दिखाई दी। दूसरी बार वे लाल रंग के ब्रीफकेस के साथ ‘GATI’ थीम पर आधारित बजट लेकर पहुंचे।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 24 फरवरी को पेश होने वाले 25वें बजट में क्या नई थीम और ब्रीफकेस का कौन सा नवाचार देखने को मिलेगा।





