ज्ञानपीठ सम्मान से रोशन हुआ छत्तीसगढ़: विनोद कुमार शुक्ल को घर पर मिला साहित्य का सर्वोच्च पुरस्कार

हिंदी साहित्य के दिग्गज लेखक और छत्तीसगढ़ की पहचान बने विनोद कुमार शुक्ल को उनके रायपुर स्थित निवास पर ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें वाग्देवी की प्रतिमा और पुरस्कार राशि के साथ सौंपा गया। ज्ञानपीठ के महाप्रबंधक आरएन तिवारी ने शुक्ल को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देकर उन्हें हिंदी साहित्य का गौरव बताया। छत्तीसगढ़ के किसी लेखक को पहली बार यह सर्वोच्च सम्मान मिला है, जिससे राज्य में खुशी का माहौल है।

सम्मान प्राप्त करते हुए विनोद कुमार शुक्ल ने कहा कि नई पीढ़ी से उन्हें बहुत उम्मीदें हैं। उन्होंने भाषा और साहित्य के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भाषा या विचार का नष्ट होना, मनुष्यता के नष्ट होने जैसा है। उन्होंने बच्चों और किशोरों के लिए लिखी अपनी किताबों का भी उल्लेख किया और कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में एक किताब अवश्य लिखनी चाहिए।

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रायपुर दौरे के दौरान शुक्ल का हाल-चाल पूछा था। तब शुक्ल ने कहा था कि लिखना उनके लिए सांस लेने जैसा है और वे जल्द से जल्द घर लौटकर फिर से लेखन में जुटना चाहते हैं। साहित्य के प्रति यही समर्पण उन्हें एक विशिष्ट पहचान देता है।

1937 में जन्मे विनोद कुमार शुक्ल पिछले पाँच दशकों से कविता, कहानी और उपन्यासों के जरिए साहित्य को नई दिशा दे रहे हैं। उनका पहला कविता संग्रह ‘लगभग जयहिंद’ 1971 में प्रकाशित हुआ था। ‘नौकर की कमीज’, ‘खिलेगा तो देखेंगे’ और ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ जैसे उनके उपन्यास हिंदी साहित्य की श्रेष्ठ कृतियों में गिने जाते हैं। ‘नौकर की कमीज’ पर मणिकौल ने फिल्म भी बनाई थी।

शुक्ल को इससे पहले साहित्य अकादमी पुरस्कार, रजा सम्मान, दयावती मोदी कवि-शिखर सम्मान, भवानीप्रसाद मिश्र पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। पिछले वर्ष उन्हें पेन अमेरिका का प्रतिष्ठित ‘नाबोकॉव अवॉर्ड’ भी मिला था, जिसे पाने वाले वे पहले एशियाई साहित्यकार बने थे।

ज्ञानपीठ पुरस्कार हिंदी साहित्य में उनके योगदान को नई ऊँचाई देता है। राज्य भर में साहित्यकारों और पाठकों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाइयाँ दी हैं, जबकि साहित्य जगत में इसे हिंदी भाषा की बड़ी जीत माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई