छत्तीसगढ़-तेलंगाना: नक्सलियों ने 6 महीने के लिए किया युद्धविराम का ऐलान, शांति वार्ता को बताया लोकतांत्रिक पहल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में सक्रिय नक्सलियों ने बड़ी घोषणा करते हुए अगले 6 महीने तक युद्धविराम (सीज़फायर) करने का ऐलान किया है। तेलुगु कैडर के नक्सली और संगठन के प्रवक्ता जगन ने तेलुगु भाषा में प्रेस नोट जारी कर यह जानकारी दी।
प्रेस नोट में जगन ने लिखा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, पूर्व सीएम के. चंद्रशेखर राव और कविता ने शांति वार्ता की पहल की है, जो एक सराहनीय और गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि शांति समिति का गठन कर दिया गया है और राज्य के कई बुद्धिजीवी और नामचीन हस्तियां इस पहल में सक्रिय रूप से जुड़ी हैं।
नक्सल प्रवक्ता ने कहा कि यह प्रयास राज्य और देश में लोकतांत्रिक माहौल को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है। इसीलिए इन कोशिशों को समर्थन देने के लिए नक्सल संगठन 6 महीने तक किसी भी तरह की हिंसक गतिविधियों से दूर रहेगा।
इससे पहले नक्सलियों की ओर से 4 पत्र सरकार को भेजे जा चुके हैं—दो पत्र केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभय ने और दो DKSZCM रूपेश ने। अब जगन की ओर से आया यह 5वां पत्र है जिसमें युद्धविराम की औपचारिक घोषणा की गई है।





