छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025: वायुसेना की सूर्यकिरण टीम करेगी एयरशो, पीएम मोदी करेंगे कई परियोजनाओं का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ इस बार अपना 25वां स्थापना दिवस बेहद खास तरीके से मनाने जा रहा है। राज्य सरकार ने इस वर्ष के राज्योत्सव को “गर्व और पहचान का उत्सव” घोषित किया है। 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे और उपराष्ट्रपति समापन समारोह में शामिल होंगे।

राज्य के इतिहास में पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम एयरशो करेगी। यह प्रदर्शन 5 नवंबर की सुबह सेन्ध तालाब के ऊपर होगा, जिसमें नौ फाइटर जेट्स करीब 40 मिनट तक एयरोबेटिक स्टंट्स और फॉर्मेशन फ्लाइंग दिखाएंगे। इस शो को देखने के लिए पूरे प्रदेश के लोग उत्साहित हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति की भी संभावना जताई गई है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें देश के पहले आदिवासी डिजिटल संग्रहालय “शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय” का उद्घाटन प्रमुख है। यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ के 16 प्रमुख आदिवासी विद्रोहों की झलक डिजिटल तकनीक से दिखाएगा। वीर नारायण सिंह, सोनाखान विद्रोह और भूमकाल आंदोलन की कहानियों को यहां आधुनिक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नवा रायपुर में निर्मित नए विधानसभा भवन का उद्घाटन भी करेंगे। यह भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और परंपरा को आधुनिक वास्तुकला के साथ प्रदर्शित करता है। सदन की छत पर धान की बालियों की नक्काशी इस भवन की विशेषता है।

राज्योत्सव के दौरान लाखों परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश भी कराया जाएगा। गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक नहीं बल्कि सामाजिक और विकासात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

समारोह में “शांति शिखर” नामक प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा, जो विश्व शांति और मानव मूल्यों के प्रसार के लिए समर्पित रहेगा। प्रधानमंत्री सत्य साई अस्पताल में हृदय सर्जरी करवा चुके बच्चों से भी मुलाकात करेंगे।

नवा रायपुर के मेला स्थल पर 3 विशाल डोम, 60 एलईडी स्क्रीन, 40 हजार वाहनों की पार्किंग, 20-बेड हॉस्पिटल और 25 एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।

राज्य सरकार ने 25वें स्थापना वर्ष को “रजत जयंती वर्ष” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान सालभर विभिन्न सांस्कृतिक और विकासात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे “नए छत्तीसगढ़” की दिशा में राज्य की आत्मगौरव यात्रा को नई ऊंचाई मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई