“छत्तीसगढ़: नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 नक्सली ढेर, गृह मंत्री विजय शर्मा ने की जवानों की सराहना”

सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म करने के लिए सरकार और सुरक्षा बल पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाया जाएगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 16 नक्सली मारे गए।
सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता
इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है, हालांकि डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के दो जवान घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है और कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम और गृह मंत्री ने जवानों को दी बधाई
नक्सलियों के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा ने जवानों को बधाई दी है। सीएम साय ने कहा, “नक्सलवाद के नासूर को खत्म करने की दिशा में यह एक और बड़ा कदम है। सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उन्हें जड़ से खत्म करने का काम कर रहे हैं। उनकी बहादुरी को नमन करता हूं।”
गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की और कहा, “अगर नक्सली आत्मसमर्पण करते हैं, तो उन पर गोली नहीं चलाई जाएगी।” उन्होंने यह भी दोहराया कि छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सल मुक्त होगा।
2026 तक नक्सलवाद होगा खत्म
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में यह मिशन तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सरकार और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से यह साफ है कि छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने की राह पर है।





