छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति विवाद: अमित बघेल के खिलाफ FIR, बोले – “फांसी दे दो, माफी नहीं मांगूंगा”

रायपुर। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने के विवाद पर दिए गए बयान को लेकर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल पर रायपुर के सिटी कोतवाली थाना में FIR दर्ज की गई है।
अमित बघेल ने एक बयान में कहा था – “पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती है? हमारी छत्तीसगढ़ी महतारी की गर्दन काटकर अपमान किया गया है।”
उनकी इस टिप्पणी के बाद अग्रवाल समाज और सिंधी समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा सहित कई जिलों में समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और FIR दर्ज करने की मांग की।
शिकायतों के बाद पुलिस ने 28 अक्टूबर की रात को मामला दर्ज किया।
FIR के बाद अमित बघेल ने कहा – “चाहे सरकार मुझे फांसी पर चढ़ा दे या गर्दन काट दे, लेकिन मैं माफी नहीं मांगूंगा। छत्तीसगढ़ का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह राज्य यहां के मूल निवासियों और हमारे महान पूर्वजों का है, किसी बाहरी के लिए नहीं।”
यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर गरमाता जा रहा है।





