छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर बढ़ा, अगले सात दिन मौसम शुष्क रहने के आसार

छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और अगले सात दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मैदानी इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में सुबह और रात के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल दो मौसम प्रणाली सक्रिय हैं, लेकिन इनका प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर ज्यादा नहीं पड़ रहा है, इसलिए बारिश की संभावना भी कम बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर ओडिशा से विदर्भ तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि इस सिस्टम का प्रदेश के मौसम पर कोई खास असर नहीं दिख रहा है और मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम इसी तरह शुष्क बना रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे करीब दो डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी महीने में भी सामान्य से कम ठंड देखने को मिली। इस दौरान अधिकतर समय आसमान साफ रहा और हवाएं हल्की रहीं। हालांकि उत्तर भारत से आने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से कभी-कभी मौसम में बदलाव देखने को मिला और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
इतिहास के अनुसार फरवरी महीने में भी कभी-कभी गर्मी काफी बढ़ जाती है। रायपुर में 28 फरवरी 2009 को तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि 9 फरवरी 1893 को यहां तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दियों का असर कम होने के साथ ही अब न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होती रहेगी।





