दिल्ली ब्लास्ट में छत्तीसगढ़ कनेक्शन, बालोद के युवक के नाम पर पंजीकृत कार हुई क्षतिग्रस्त – सभी सवार सुरक्षित

रायपुर/दिल्ली। दिल्ली में सोमवार शाम हुए ब्लास्ट की जांच में छत्तीसगढ़ से जुड़ा बड़ा सुराग सामने आया है। जांच एजेंसियों ने बताया कि धमाके में क्षतिग्रस्त हुई कार बालोद जिले के सिर्री गांव निवासी हिमांशु बघेल के नाम पर पंजीकृत है। राहत की बात यह है कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
ब्लास्ट में क्षतिग्रस्त मारुति कार का नंबर CG 04 PY 6021 है। कार मालिक हिमांशु बघेल पिछले पांच साल से दिल्ली-नोएडा में सेल्फ ड्राइव कार रेंटल कंपनी चला रहे हैं। यह कार उन्होंने उत्तराखंड के एक परिवार को किराये पर दी थी, जो दिल्ली के चांदनी चौक में शादी की खरीदारी के लिए गया हुआ था।
धमाके के दौरान कार पास में ही खड़ी थी, जिससे उसका शीशा टूट गया, लेकिन कार में बैठे चार लोगों में से सिर्फ एक व्यक्ति को हल्की चोटें आईं। बाकी तीन लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद हिमांशु के सहयोगी जयंत झमानी, जो दुर्ग के रहने वाले हैं, दिल्ली से लौटकर सिर्री गांव पहुंचे और परिजनों को बताया कि चिंता की कोई बात नहीं है, सभी लोग सुरक्षित हैं।
इस बीच, सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हरियाणा नंबर की एक कार में हुए भयावह विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। जांच एजेंसियां अब लाल किले क्षेत्र के मोबाइल डाटा और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही हैं, ताकि धमाके से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके।





