प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर गरमाई सियासत, भूपेश बघेल बोले- फैसला हाईकमान का काम

भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का फैसला करना पार्टी हाईकमान का अधिकार है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा, “मैं टीएस सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देता।”

उन्होंने मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का समर्थन करते हुए कहा कि दीपक बैज पिछले साढ़े तीन साल से कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है।

प्रेसवार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने देश के मौजूदा हालात को “अघोषित आपातकाल” बताते हुए कहा कि लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है और मीडिया व व्यापारिक जगत पर दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने युवा पीढ़ी यानी “Gen-Z” की भूमिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि नई पीढ़ी लोकतंत्र को मजबूत करने की ताकत रखती है। बघेल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और संगठन चुनावों में नई पीढ़ी को जिम्मेदारी मिलेगी।

भूपेश बघेल ने पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लगातार महंगाई बढ़ रही है और आम जनता परेशान है।

इसके अलावा उन्होंने छत्तीसगढ़ में बिजली संकट की आशंका जताते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती और समस्याएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button