BREAKING: शराब घोटाले में छत्तीसगढ़ का कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया गिरफ्तार
ACB की टीम रायपुर से ट्रांजिट रिमांड पर रांची लेकर जाएगी

रायपुर/रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया को झारखंड ACB ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले जाया जाएगा।
सिंघानिया की भूमिका 2022 में लागू की गई झारखंड की नई उत्पाद नीति में अहम रही थी। यह नीति छत्तीसगढ़ मॉडल पर आधारित थी। सिद्धार्थ सिंघानिया ने खुदरा शराब दुकानों में मैनपॉवर आपूर्ति का ठेका लिया था, लेकिन बाद में विवादों के चलते उसकी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।
ACB समन के बाद भी नहीं हुआ पेश, कोर्ट से वारंट लेकर गिरफ्तारी
ACB की टीम सिंघानिया को पूछताछ के लिए कई बार समन भेज चुकी थी, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद ACB ने कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लिया और रायपुर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया।
घोटाले में अब तक 7 गिरफ्तारियां
यह शराब घोटाले में सातवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले वरिष्ठ IAS विनय कुमार चौबे, अमित प्रकाश, गजेंद्र सिंह, सुधीर दास, सुधीर कुमार, और नीरज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर रांची के बिरसा मुंडा जेल भेजा गया है।





