छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा पर बड़ी सफलता: कुख्यात नक्सली कमांडर हिडमा समेत 6 नक्सली ढेर, गृह मंत्री बोले-‘नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में बड़ा कदम’

रायपुर। छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश की सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा, उसकी पत्नी राजे और सब जोनल कमेटी मेंबर टेक शंकर सहित कुल 6 नक्सली मारे गए हैं। हिडमा को देश के सबसे खतरनाक और मोस्ट वॉन्टेड नक्सलियों में गिना जाता था।
इस सफलता पर डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक सीसी मेंबर हिडमा सहित कई टॉप नक्सली न्यूट्रलाइज हुए हैं। अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है, लेकिन यह खबर नक्सलवाद के अंत की दिशा में बेहद अहम है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र के गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील कर रहे हैं। शर्मा ने कहा, “हथियार छोड़कर आएं, सरकार सम्मानजनक पुनर्वास देगी। बस्तर के युवा अब सक्षम हैं और नारा भी चल पड़ा है ‘हमारा बस्तर, हम ही संभालेंगे।’”
गृह मंत्री ने बस्तर के बचे हुए नक्सलियों से भी अपील की कि वे मुख्यधारा में लौटें। उन्होंने कहा कि एक सूचना पर भी कॉरिडोर क्लियर किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए हथियारों के साथ आत्मसमर्पण जरूरी होगा।
यह मुठभेड़ नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।





