चेकिंग अभियान: 300 से अधिक संदिग्धों की जांच, कई पर कार्रवाई

बिलासपुर |
शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के पांच थाना क्षेत्रों में 300 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई।
पुलिस ने यह विशेष अभियान तोरवा, तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में चलाया, जहां बाहरी राज्यों से आए लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश संदिग्ध पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हुए हैं।
अभियान के तहत पुलिस ने इन व्यक्तियों के पहचान पत्र, दस्तावेज और निवास की वैधता की जांच की। जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं थे या जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीएसपी निमितेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संदिग्धों के फिंगरप्रिंट लेकर ICJS पोर्टल के माध्यम से आपराधिक रिकॉर्ड से मिलान की प्रक्रिया भी तेज़ी से जारी है। इस दौरान 20 से अधिक सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी तस्दीक की गई है।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान शहर में अपराध की रोकथाम और जन सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर आगे भी चलाया जाएगा।





