रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 7 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

दुर्ग जिले में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 7 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर पीड़ित से रकम ऐंठ ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खोरपा पाटन निवासी सतीश कुमार मरकाम ने मरोदा क्षेत्र के रहने वाले खिलेश्वर साहू को निशाना बनाया। आरोपी ने खुद को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में वेल्डर ग्रेड-3 पद पर कार्यरत बताया और बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपी 10 फरवरी 2022 को पीड़ित के घर पहुंचा और उसकी पत्नी के सामने 7 लाख रुपए नकद ले लिए। उसने 7 महीने के भीतर नौकरी दिलाने या पैसे लौटाने का आश्वासन दिया था। भरोसा बढ़ाने के लिए उसने यूनियन बैंक की पाटन शाखा के तीन कोरे चेक भी दिए।
समय बीतने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही पैसे लौटाए गए। जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने एक लिखित समझौता पत्र में पैसे लेने की बात भी स्वीकार की, लेकिन रकम नहीं लौटाई।
इसके बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।





