घरघोड़ा नगर पंचायत में हंगामा, पार्षद राजकुमारी डनसेना ने पीआईसी सदस्य पद से दिया इस्तीफा

घरघोड़ा। नगर पंचायत घरघोड़ा में वार्ड क्रमांक 08 से निर्वाचित पार्षद राजकुमारी डनसेना ने प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) के सदस्य पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस बात पर कड़ा ऐतराज जताया है कि बिना उनकी सहमति के उन्हें इस पद पर नियुक्त कर दिया गया।
राजकुमारी डनसेना ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखे अपने त्यागपत्र में बताया कि उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र क्रमांक 01 दिनांक 13 मार्च 2025 और कार्यालय पत्र क्रमांक 2478 दिनांक 13 मार्च 2025 के आधार पर पीआईसी सदस्य नियुक्त किया गया। लेकिन इस नियुक्ति के लिए उनसे किसी भी प्रकार की पूर्व सहमति नहीं ली गई थी।
पार्षद राजकुमारी डनसेना ने साफ तौर पर कहा कि बिना पूर्व सहमति के इस तरह की नियुक्ति करना अनुचित है और वह इस पद पर कार्य नहीं करना चाहतीं। उन्होंने तत्काल प्रभाव से अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी।
इस घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। अब यह देखना होगा कि नगर पंचायत इस मामले में क्या कदम उठाती है और क्या इस मामले का कोई समाधान निकलता है।





