CGPSC प्री 2025 का रिजल्ट जारी, 3921 अभ्यर्थी मेंस के लिए चयनित

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने प्री परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में मेंस के लिए 3921 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा 16 से 19 मई तक आयोजित की जाएगी।
CGPSC प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी 2026 को किया गया था। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 20 विभिन्न सेवाओं में कुल 265 पदों पर नियुक्ति की जानी है। विज्ञापित पदों के 15 गुना के अनुसार 3975 अभ्यर्थियों को चयनित किया जाना था, लेकिन वर्गवार और उपवर्गवार पात्र अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर 3921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित किया गया है।
मेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देश आयोग द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थी अपना रिजल्ट, अंक और कट-ऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।





