CG: अमीरों के मलबे में दबी गरीबों की जिंदगी, अविनाथ ग्रुप की निर्माणधीन बिल्डिंग में हादसा, 1 मजदूर की मौत 8 घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित अविनाश ग्रुप की निर्माणधीन बिल्डिंग में शनिवार की दोपहर को हादसा हो गया। हादसे में 9 मजदूर मलबे में दब गए। जिला प्रशासन ने मजदूरों को मलबे से निकालकर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई है। मृतक का नाम रहमत खान बताया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे कलेक्टर गौरव सिंह ने मीडिया से चर्चा के दौरान मजदूर के मरने की पुष्टि की गई है। अपने पहले बयान में कलेक्टर ने रेस्क्यू अभियान तेज करने और लापता लोगों की तलाश करने की बात बोली है।
मजदूरों में आक्रोश
घटना के बाद मजदूरों में आक्रोश है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस अधिकारियों ने मौके पर तेलीबांधा थाना की टीम को तैनात किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर निगम आयुक्त भी पहुंचे है। हादसे में घायल मजदूरों के परिजनों ने सुरक्षा नहीं होने का आरोप बिल्डर पर लगाया है।
लोहे का स्टैंड पलटने से हादसा
प्रत्यक्षदर्शी मजदूर ने बताया, कि बिल्डिंग में रोडी डाली जा रही थी। रोडी उपर तक पहुंचाने के लिए लोहे का स्टैंड बनाया गया था और उसमें मजदूर खड़े थे। आधी रोडी पड पाई थी और इस दौरान स्टैंड गिर गया। स्टैंड गिरने से दो टाइल्स वाले और सात रोडी चढ़ाने वाले मजदूर गिरे और मलबे में दब गए।





