छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल का टाइम टेबल जारी, 10वीं की परीक्षा 17 मार्च से और 12वीं की 16 मार्च से

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के छात्रों की परीक्षाएं मार्च–अप्रैल 2026 में आयोजित की जाएंगी।
जारी समय सारणी के अनुसार हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा 16 मार्च 2026 से शुरू होगी, जबकि हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 17 मार्च 2026 से आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होंगी।
परीक्षा से जुड़ा समय
बोर्ड द्वारा जारी निर्देश के अनुसार परीक्षा केंद्र पर
- सुबह 8:30 बजे छात्रों को अपनी सीट ग्रहण करनी होगी।
- 8:35 बजे उत्तर पुस्तिका वितरित की जाएगी।
- 8:40 बजे प्रश्न पत्र दिया जाएगा।
- 8:45 बजे से 11:45 बजे तक उत्तर लेखन का समय रहेगा।
ओपन स्कूल ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी दिन शासन या स्थानीय अवकाश भी घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। हालांकि आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड परीक्षा तिथियों में बदलाव कर सकता है।
प्रायोगिक परीक्षा 8 अप्रैल तक
ओपन स्कूल ने प्रायोगिक परीक्षाओं की जानकारी भी जारी की है। परीक्षा केंद्राध्यक्ष 8 अप्रैल 2026 तक प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित करेंगे।
निर्देश के अनुसार हायर सेकेंडरी की सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षा और हाईस्कूल की सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हायर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षा भी कराई जा सकती है।
छात्रों को प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी अपने परीक्षा केंद्र से प्राप्त करनी होगी। ओपन स्कूल ने छात्रों को सलाह दी है कि वे समय सारणी और परीक्षा निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।






