छत्तीसगढ़ की साहित्यिक परंपरा को मिला नया आयाम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – यह धरती सदैव रही है संस्कृति और सृजन की भूमि

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्य, संस्कृति और कला को नई दिशा देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता शबरी की पावन भूमि को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती हमेशा से साहित्य और संस्कृति की धरा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महाकवि कालिदास ने इसी भूमि पर मेघदूत जैसी अमर कृति की रचना की थी, वहीं मुक्तिबोध और पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी जैसे महान साहित्यकारों ने इसी मिट्टी से अपनी पहचान बनाई। उन्होंने रायगढ़ के संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।

उन्होंने कहा कि युवा आयोग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम युवा कवियों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रचनात्मक युवाओं को निरंतर आगे बढ़ने के अवसर दे रही है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मेलन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा कवियों के लिए सीखने और सृजन का अवसर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति गीत, नृत्य और भावनाओं का सुंदर संगम है — यहाँ हर अवसर पर लोकगीत गाए जाते हैं, चाहे वह बुआई का समय हो या कोई पर्व-त्योहार।

सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध कवि शशिकांत यादव, दिनेश बावरा, नीलोत्पल मृणाल, कविता तिवारी और मनु वैशाली ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

राज्य स्तरीय युवा कवि प्रतियोगिता में बिलासपुर की निधि तिवारी ने प्रथम, मीरा मृदु ने द्वितीय और कोरिया की अलीशा शेख ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने विजेता कवियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई