छत्तीसगढ़: 500 करोड़ के मेडिकल सप्लाई घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कई जगहों पर छापेमारी

छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ रुपये के कथित मेडिकल सप्लाई घोटाले को लेकर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने रायपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में कई सरकारी अफसरों, मेडिकल सप्लायर्स और एजेंटों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
यह कार्रवाई पीएमएलए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) के तहत की गई है। जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2024 में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने इस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें मेडिकल उपकरणों और केमिकल की खरीद में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की बात सामने आई थी।
क्या है पूरा मामला?
ACB और EOW ने 22 जनवरी को रायपुर की सरकारी कंपनी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSCL), स्वास्थ्य सेवा निदेशालय और कुछ प्राइवेट कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इनमें दुर्ग की मोक्षित कॉर्पोरेशन, सीबी कॉर्पोरेशन, हरियाणा की रिकॉर्ड्स एंड मेडिकेयर सिस्टम और रायपुर की श्री शारदा इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
आरोप है कि इन कंपनियों ने आपस में मिलीभगत कर बिना ज़रूरत के मेडिकल उपकरण और केमिकल्स की भारी मात्रा में खरीद की। कहा जा रहा है कि जनवरी 2022 से अक्टूबर 2023 के बीच अरबों रुपये की खरीदारी की गई, जिससे सरकार को करीब 550 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
ईडी इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और छापेमारी में कई अहम दस्तावेज़ और डिजिटल सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।





