CG: छुट्टी के दिन भी स्कूल पहुंचा बच्चा, बिजली के तार में चिपकने से मौत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा जिले में एक 7 वीं कक्षा का छात्र रविवार के भी स्कूल पहुंच गया, जहां बिजली की तार में चिपकने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना नरौर के पूर्व माध्यमिक शाला का है, जहां छुट्टी के दिन कुछ बच्चे स्कूल में खेलने पहुंचे थे।
इसी दौरान 12 साल का बच्चा संतोष ओट्टी स्कूल की छत पर चढ़ गया और छत के उपर से लगे बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डरे सहमे बच्चों ने परिजनों को जाकर आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गौरतलब है कि छुट्टी के दिन भी स्कूल परिसर में ताला नहीं लगाया गया था, जिसके कारण ही ये घटना हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





