भारत की टी-20 विश्व कप जीत पर कोरबा में जश्न, शहरभर में आतिशबाजी और मिठाइयां बांटी गईं

टी-20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद कोरबा शहर में रविवार रात जश्न का माहौल देखने को मिला। मैच के शुरुआती रुझानों से ही लोगों में उत्साह बढ़ने लगा था और जीत की उम्मीद के साथ कई स्थानों पर लोग एकत्र होकर मैच का आनंद लेते नजर आए।
शहर के अप्पू गार्डन में मैच के लाइव प्रसारण के लिए बड़ा प्रोजेक्टर लगाया गया था। मैच शुरू होने से पहले ही यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। दर्शकों के लिए बैठने और खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी। ढोल की थाप पर लोग नाचते-गाते नजर आए और हर चौके-छक्के पर दर्शकों ने जोरदार उत्साह दिखाया।
अग्रसेन चौक पर भी व्यापारियों की ओर से प्रोजेक्टर लगाकर मैच का सीधा प्रसारण कराया गया। यहां भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर फाइनल मुकाबला देखते रहे। रेलवे फाटक ओवरब्रिज के पास भी प्रोजेक्टर के माध्यम से मैच दिखाया गया, जहां दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया।
पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, एसईसीएल कॉलोनी, मानिकपुर और दादर बस्ती सहित शहर के कई अन्य इलाकों में भी प्रोजेक्टर लगाकर लोगों ने सामूहिक रूप से मैच देखा। दादर बस्ती में तो जीत की घोषणा से पहले ही लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई देना शुरू कर दिया था।
महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय की एलईडी स्क्रीन पर भी फाइनल मुकाबले का प्रसारण किया गया। यहां भी बड़ी संख्या में दर्शकों ने मैच देखा और भारत की जीत का जश्न मनाया।
भारत की जीत के बाद पूरे शहर में जमकर आतिशबाजी की गई। लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं। मैच के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी। चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की जाती रही।





