भारत की टी-20 विश्व कप जीत पर छत्तीसगढ़ में जश्न, सड़कों पर उतरे फैंस; ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ मनाई खुशी

भारत की टी-20 विश्व कप में जीत के बाद छत्तीसगढ़ के कई शहरों में क्रिकेट प्रेमियों ने जोरदार जश्न मनाया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य के अलग-अलग इलाकों में फैंस सड़कों पर उतर आए और उत्साह के साथ जश्न मनाया।
राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े। यहां देर रात तक आतिशबाजी होती रही और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग नाचते-गाते नजर आए। कई जगह देशभक्ति गीतों पर युवाओं और महिलाओं ने भी उत्साह के साथ नृत्य किया।
बिलासपुर, कोरबा, दंतेवाड़ा और रायगढ़ समेत कई शहरों से भी जश्न की तस्वीरें सामने आईं। कई जगह लोगों ने बड़े एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच देखा और जीत के बाद रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी मनाई। बिलासपुर के तिलक नगर क्षेत्र में युवाओं ने सामूहिक रूप से मैच देखने की व्यवस्था की थी।
धमतरी में घड़ी चौक पर आयोजित जश्न में महापौर रामू रोहरा भी शामिल हुए। वे लोगों के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए। अंबिकापुर और बस्तर के कई इलाकों में भी आतिशबाजी और जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया गया।
रायपुर के जयस्तंभ चौक में देर रात तक बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे, जिसके कारण कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को सुरक्षित तरीके से घर भेजने की व्यवस्था की गई।
भिलाई के सिविक सेंटर और मुंगेली के लोरमी क्षेत्र में भी क्रिकेट प्रेमियों ने नारे लगाकर और आतिशबाजी कर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। कोरबा में महिलाएं ढोल-नगाड़ों की थाप पर देशभक्ति गीतों पर नाचती नजर आईं।
टीम इंडिया की जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई नेताओं ने भारतीय टीम को बधाई दी और इस उपलब्धि को देश के लिए गौरव का क्षण बताया।





