साय मंत्रिमंडल में विस्तार, आज तीन नए मंत्री लेंगे शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल का विस्तार तय हो गया है। आज सुबह 10:30 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने इसकी पुष्टि की है। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनके लिए स्टेट गैरेज में गाड़ियां तैयार कर दी गई हैं और शपथ ग्रहण के लिए संदेश भी भेजा गया है।
शपथ ग्रहण से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की थी। वहीं राज्यपाल ने भी मीडिया से कहा था कि कुछ होने वाला है। दूसरी ओर, पीसीसी चीफ दीपक बैज ने दावा किया है कि भाजपा में आंतरिक असंतोष है और तीन वरिष्ठ विधायकों ने इस्तीफे की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही नए मंत्री शपथ लेंगे, सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
इधर, एमए छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन ने मांग की है कि नए मंत्री राजभाषा छत्तीसगढ़ी में शपथ लें, ताकि भाषा को सम्मान मिल सके। मुख्यमंत्री 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर रवाना होंगे, इसलिए उससे पहले विस्तार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। भाजपा संगठन ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर नए चेहरों को मौका दिया है। अनुमान है कि सामान्य वर्ग, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग से एक-एक विधायक को शामिल किया गया है। हालांकि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में कोई फेरबदल नहीं होगा। साथ ही, अगस्त में संसदीय सचिवों और निगम मंडलों में भी नियुक्ति की संभावना है।





