डीजल महंगा होने पर बस संचालकों की किराया बढ़ाने की मांग, परिवहन मंत्री को सौंपा ज्ञापन

रायपुर में डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने बस किराया बढ़ाने की मांग उठाई है। महासंघ के पदाधिकारियों ने केदार कश्यप से मुलाकात कर अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने कहा कि प्रदेश में आखिरी बार सितंबर 2021 में यात्री किराए में बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद डीजल, टायर, बीमा, मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के वेतन सहित बस संचालन के सभी खर्च लगातार बढ़ते गए हैं। उन्होंने बताया कि बीते 15 दिनों में डीजल के दाम 4 बार बढ़ चुके हैं।

महासंघ का कहना है कि परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जैसे सुरक्षा नियम अनिवार्य किए जाने से बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है।

यातायात महासंघ ने सामान्य यात्री बसों के किराए में 50 प्रतिशत और एसी व डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग की है।

महासंघ के अनुसार, रायपुर से जगदलपुर का मौजूदा किराया करीब 600 रुपये है, जो बढ़कर 700 से 750 रुपये तक हो सकता है। वहीं रायपुर से दुर्ग का किराया 50 रुपये से बढ़कर लगभग 75 रुपये तक पहुंच सकता है।

महासंघ ने सरकार से डीजल की कीमतों के आधार पर किराया तय करने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button