तखतपुर में बस और ट्रक की भिड़ंत, 20 यात्री घायल महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल, सिम्स रेफर

बिलासपुर। रविवार सुबह तखतपुर के पथरिया मोड़ पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुंगेली से बिलासपुर आ रही यात्री बस की आमने-सामने टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और करीब 20 लोग घायल हो गए।
बच्चों और महिलाओं की हालत नाजुक
घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। सभी को सबसे पहले तखतपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 1 साल की बच्ची खुशबू, 16 वर्षीय मधु, 34 वर्षीय महेंद्र और 37 वर्षीय रजनी को गंभीर हालत में बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।
सुबह 9 बजे हुआ हादसा
यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई। यात्री बस (क्रमांक CG10G0323) मुंगेली से बिलासपुर की ओर आ रही थी। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से बस की टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की गति तेज होने की वजह से जोरदार भिड़ंत हुई और सड़क पर जाम लग गया।
राहगीरों ने निभाई इंसानियत
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सिम्स अस्पताल के सीएमओ डॉ. सुनील कुमार पेंड्रो ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।





