सिरगिट्टी में अधजली लाश हत्या का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार

सिरगिट्टी। एक माह पुरानी अधजली लाश हत्या का सिरगिट्टी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी गोपाल कोल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस हत्या के दो आरोपियों अरुण दास मानिकपुरी और धनेश लोधी उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2025 को होटल ग्रैंड लोटस के पीछे झाड़ियों में अधजली लाश मिली थी। शव की पहचान न होने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और राज्यभर में इश्तहार जारी किए। तकनीकी विश्लेषण, टावर डंप, मोबाइल नंबर और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान की और मामले की जांच तेज की।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन गोपाल और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीते समय विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों ने पत्थर से गोपाल के सिर पर 59 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपियों ने मृतक का शव जला कर पहचान मिटाने की कोशिश की।
सख्त पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने पूरे मामले को सफलतापूर्वक सुलझाया।





