Burari Building Accident: मलबे मे फंसे 4 लोगों को 2 दिन बाद रेस्क्यू किया गया

दिल्ली।उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास एक चार मंजिला इमारत सोमवार को ढह गई। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाया था। इस रेस्क्यू अभियान के दौरान जिला प्रशासन की टी मने एक परिवार के चार सदस्यों को दो दिन बाद मलबे से निकाला गया। ये लोग सोमवार शाम से मलबे में फंसे हुए थे और उन्हें बुधवार तड़के 3 बजे रेस्क्यू किया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू किए गए परिवार में दो बच्चे भी शामिल हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने बताया कि जैसे ही छत गिरी, एक गैस सिलेंडर की वजह से एक खाली स्थान बन गया, जिससे वे दो दिन तक बच सके। इस दौरान लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।
हादसे में 5 लोगों की हो चुकी मौत
इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा, 16 अन्य लोगों को भी मलबे से बाहर निकाला गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और इसे दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विसेज, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और नेशनल डिजास्टर रेस्पांस फोर्स (NDRF) द्वारा चलाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर बिल्डर योगेंद्र भाटी को गिरफ्तार किया है।
10 लाख रुपए मुआवजा देगी सरकार
आप विधायक संजीव झा ने बताया कि मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये और मृतक बच्चों के परिवारों को 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। यह हादसा सोमवार शाम करीब 6:30 बजे कौशिक एन्क्लेव, बुराड़ी में हुआ था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अतिशी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन की तेज़ी से मदद देने का आश्वासन दिया।





