25 एकड़ में बने अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। रायपुर के बोरियाखुर्द इलाके में 25 एकड़ कृषि भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई कॉलोनी पर बुधवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 16 मकानों को जमींदोज कर दिया। कॉलोनाइजरों ने बिना नक्शा, लेआउट और भवन अनुज्ञा के मकान बना दिए थे। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर निगम ने यह सख्त कदम उठाया।
सूचना के अनुसार, कॉलोनाइजर मकान बनाकर उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और सभी अवैध मकान तोड़ दिए। इस कार्रवाई से शहर के बिल्डरों और प्लॉटिंग माफियाओं में खलबली मच गई है। इसी दिन अनुग्रह सोसायटी के पीछे विंध्य नगर में करीब 3 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई। यहां जेसीबी से नींव तोड़ी गई और भूमि स्वामी की जानकारी जुटाकर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कांदुल रोड स्थित जगदम्बा विहार और डूण्डा के दुर्गा विहार के पास भी लगभग 16 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर सड़कें और बाउंड्रीवाल बनाई जा रही थीं, जिन्हें हटाया गया। नगर निगम के अनुसार, इन अवैध कॉलोनियों में वालफोर्ट ग्रुप के पंकज लाहोटी, महेश धनगर, योगेन्द्र वर्मा और देवांगन नामक बिल्डरों के नाम सामने आए हैं। सभी निर्माण बिना लाइसेंस, नक्शा पास और डायवर्सन के किए जा रहे थे। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि घर खरीदने से पहले जोन कार्यालय से भवन अनुज्ञा और नक्शे की वैधता जरूर जांचें।





