BSP ने अवैध मछली बाजार पर चलाया बुलडोजर

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के नगर सेवा विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-6 ई-मार्केट के सामने वर्षों से चल रहे अवैध मछली बाजार को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता बबलू सिंह के नेतृत्व में मछली व्यापारियों के समर्थन में पहुंचे और विरोध किया। उन्होंने कहा, “अगर मछली बाजार हटाना है, तो पहले 32 बंगले के बड़े अवैध कब्जे हटाओ।”

बीएसपी की टीम ने मछली बाजार के अस्थायी ढांचे और ई-मार्केट के सामने लगे फास्टफूड ठेले भी हटा दिए। अधिकारियों ने जेसीबी से गड्ढे भी खुदवाए ताकि भविष्य में फिर से अतिक्रमण न हो। इस कार्रवाई से पहले व्यापारियों को मछलियां हटाने का समय दिया गया, ताकि उनका सामान सुरक्षित रहे। हालांकि, व्यापारियों का कहना था कि अगर उन्हें और समय मिलता, तो वे खुद ही अतिक्रमण हटा लेते।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button