बिलासपुर एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग की मंजूरी, 24 घंटे उड़ान सेवा शुरू

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को केंद्र सरकार से 3C-IFR (नाइट लैंडिंग) का लाइसेंस मिल गया है। इसके साथ ही अब एयरपोर्ट से दिन-रात 24 घंटे उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा। इस फैसले से हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और खराब मौसम या बारिश के कारण फ्लाइट कैंसिल होने की समस्या लगभग खत्म हो जाएगी।
नाइट लैंडिंग लाइसेंस मिलने के बाद 72 और 80 सीटर विमान पूरे दिन बिना बाधा उड़ान भर सकेंगे। इससे यात्रियों को समय पर यात्रा की सुविधा मिलेगी और उड़ानों की सुरक्षा भी बेहतर होगी। यह सुविधा न केवल यात्रियों, बल्कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन के लिए भी फायदेमंद मानी जा रही है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस उपलब्धि को 6 वर्षों के लंबे जन आंदोलन का परिणाम बताया है। समिति ने केंद्र व राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों और एयरपोर्ट प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह संघर्ष अभी 50 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। आगे का लक्ष्य बिलासपुर से सभी महानगरों के लिए सीधी लंबी दूरी की उड़ानें और 4C एयरपोर्ट का निर्माण है।
मार्च 2021 से बिलासपुर एयरपोर्ट पर आंशिक उड़ानें संचालित हो रही थीं, लेकिन नाइट लैंडिंग और लंबी दूरी की उड़ानों की मांग लंबे समय से बनी हुई थी। अब इस मंजूरी के बाद यात्रियों को कोहरा, बारिश या खराब मौसम में भी सुरक्षित और नियमित उड़ानों का लाभ मिलेगा।
समिति का कहना है कि नाइट लैंडिंग सुविधा से क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह फैसला सिर्फ एक तकनीकी मंजूरी नहीं, बल्कि बिलासपुर के विकास की दिशा में बड़ा कदम है, जो शहर को हवाई परिवहन के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करेगा।





