संसद में बृजमोहन अग्रवाल ने उठाया वायु प्रदूषण का मुद्दा, भिलाई-कोरबा-रायपुर पर जताई चिंता

रायपुर। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आज संसद में देश के गंभीर वायु प्रदूषण की समस्या को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि औद्योगिक और शहरी इलाकों में बढ़ता प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई, कोरबा और रायपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में हालात चिंताजनक हैं।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि अभी वायु प्रदूषण से निपटने के लिए जो एक जैसी नीति सभी जगह लागू की जा रही है, वह प्रभावी नहीं है। हर क्षेत्र की स्थिति अलग होती है, इसलिए वहां के प्रदूषण स्रोतों के अनुसार अलग-अलग और वैज्ञानिक तरीके से योजनाएं बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों का उपयोग नीति बनाने में किया जाए, ताकि प्रदूषण कम करने के ठोस और दिखाई देने वाले परिणाम मिल सकें।
बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि स्वच्छ हवा सिर्फ पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है। वायु प्रदूषण के कारण बढ़ती बीमारियों को देखते हुए सरकार को तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने औद्योगिक और शहरी क्षेत्रों में धूल, धुएं और जहरीली गैसों की लगातार निगरानी पर जोर दिया और कहा कि वैज्ञानिक शोध, आधुनिक तकनीक और सही आंकड़ों के आधार पर ही मजबूत नीति बनाई जा सकती है।
अंत में सांसद ने केंद्र सरकार से अपील की कि स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और दीर्घकालिक योजनाएं बनाकर उन्हें जल्द लागू किया जाए, ताकि नागरिकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके और भविष्य की पीढ़ियों को साफ वातावरण मिल सके।





