बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

बलौदाबाजार: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया और उनके त्याग व बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज हमारा स्वतंत्र और सम्मानजनक जीवन उन्हीं वीर सपूतों की अमर गाथा का परिणाम है। अग्रवाल ने सभी से आह्वान किया कि हम ईमानदारी, समर्पण और सेवा भाव के साथ राष्ट्र के हित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और एक सशक्त, आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से दिए गए संबोधन का भी विशेष उल्लेख हुआ। पीएम मोदी ने अपने भाषण में छत्तीसगढ़ के बस्तर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय बस्तर का नाम नक्सलवाद और हिंसा से जुड़ता था, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। आज बस्तर के युवा बंदूक़ की जगह खेल के मैदान में उतर रहे हैं और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक बन गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बदलाव सुरक्षा, विकास और जनसहभागिता के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि नक्सलवाद अब देश में केवल कुछ ही जिलों तक सिमट गया है—पिछले 11 वर्षों में यह 125 से घटकर मात्र 20 जिलों में रह गया है। बस्तर में अब खेल, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर की नई पहचान आने वाली पीढ़ियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह क्षेत्र शांति, प्रगति और गौरव की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।





