BREAKING: गरियाबंद में डकैतो का तांडव: परिवार को बंधक बनाकर लूटे 10 लाख रुपए
रात डेढ़ बजे डकैतों ने बोला हमला

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र के चरौदा गांव में बीती रात डकैती की एक बड़ी वारदात सामने आई है। करीब रात 1:30 बजे 7 नकाबपोश डकैतों ने स्थानीय व्यवसायी सूर्यकांत अग्रवाल के घर में धावा बोल दिया। डकैत घर के पीछे से घुसे और परिजनों को चाकू की नोक पर एक कमरे में बंद कर दिया।
डकैतों ने घर में मौजूद सभी मोबाइल फोन छीन लिए ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके। उन्होंने परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और पूरे घर की तलाशी लेकर करीब 3 से 4 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। लूट की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। गांव की सीमाएं सील कर दी गई हैं। चूंकि चरौदा गांव ओडिशा सीमा से सटा हुआ है, पुलिस को संदेह है कि वारदात के बाद डकैत सीमा पार भाग गए होंगे। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।





