आम तोड़ने पर बच्चे की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद लोग हुए नाराज़

बिलासपुर के सरकंडा इलाके से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति एक स्कूली बच्चे को लकड़ी से बेरहमी से पीट रहा है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ एक पेड़ से आम तोड़ रहा था, तभी बुजुर्ग ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
वीडियो में एक युवक बुजुर्ग को रोकने की कोशिश करता है और कहता है कि “बच्चों को इस तरह मारना गलत है”, लेकिन बुजुर्ग का गुस्सा थमता नहीं और वह पिटाई करता रहता है। बच्चे डर से रोते और चीखते नजर आ रहे हैं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोगों में इसको लेकर भारी गुस्सा है। कई लोग कह रहे हैं कि बच्चों की छोटी-सी शरारत के लिए इस तरह की सजा देना ठीक नहीं है। आम तोड़ना कोई बड़ा जुर्म नहीं, लेकिन इस तरह मारपीट करना बच्चों की मानसिकता पर बुरा असर डाल सकता है।
घटना के बाद से ही लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि बुजुर्ग के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि दोबारा कोई इस तरह की हिंसा न कर सके।





