विधानसभा परिसर में पुस्तक विमोचन, “मेरी नज़र से अरुणाचल प्रदेश” को मिली सराहना

रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज विधानसभा परिसर में पुस्तक “मेरी नज़र से अरुणाचल प्रदेश” का विमोचन किया। यह पुस्तक बीएसटीवी चैनल के राज्य संपादक डॉ. अवधेश मिश्रा द्वारा लिखी गई है, जो पत्रकार दीर्घा सलाहकार समिति की अरुणाचल प्रदेश यात्रा पर आधारित यात्रा वृत्तान्त है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जीवन में यात्राओं का खास महत्व होता है। यात्रा से न सिर्फ तनाव दूर होता है, बल्कि नई ऊर्जा भी मिलती है। उन्होंने बताया कि वे नियमित रूप से यात्रा वृत्तान्त पढ़ते हैं और इसकी प्रेरणा उन्हें राहुल सांकृत्यायन के लेखन से मिली। उन्होंने कहा कि यात्रा वृत्तान्तों से लोग घर बैठे देश और दुनिया की संस्कृति, भूगोल और जीवनशैली को समझ सकते हैं।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भारत में ही इतने सुंदर और दर्शनीय स्थल हैं कि विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ती। नॉर्थ ईस्ट अपनी प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और समृद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है। उन्होंने डॉ. अवधेश मिश्रा को इस पुस्तक के लिए बधाई दी और कहा कि यह प्रयास अन्य पर्यटकों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया और सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश जैसे खूबसूरत राज्य की यात्रा कर अपने अनुभवों को लेखन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना सराहनीय कार्य है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अपने मंत्री कार्यकाल के दौरान उन्होंने नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों का दौरा किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वहां विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पर्यटकों के लिए मार्गदर्शक बनेगी और अन्य लोगों को भी यात्रा वृत्तान्त लिखने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक धरमलाल कौशिक, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य परिषद के अध्यक्ष शशांक शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





