सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बोलेरो, उमरिया में चालक की मौत, 6 घायल

उमरिया। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो वाहन टकरा गई। हादसे में बोलेरो चालक इजहार खान (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार छह लोग घायल हो गए।
घायलों में श्रेया मर्सकोले (20), भानुशी मरावी (20), भगवंती मर्सकोले, जूही बनर्जी (22), साक्षी मर्सकोले (22) और मीनाक्षी मर्सकोले (26) शामिल हैं। इनमें से भगवंती मर्सकोले और मीनाक्षी मर्सकोले की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो नरसरहा डिपो से बांधवगढ़ की ओर जा रही थी। वाहन में सवार सभी लोग डीएफओ शहडोल श्रद्धा पेंद्रो के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो भोजन के बाद निजी यात्रा पर निकले थे।
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक चालक का शव जिला अस्पताल शहडोल की मर्चुरी में रखा गया है।





