तीन दिन पहले घर से निकला था, तालाब में मिली कबाड़ी वाले के बेटे की लाश

तीन दिन पहले घर से निकले युवक की लाश चकरभाठा क्षेत्र के परसदा स्थित तालाब में मिली है। युवक के सिर पर चोट के निशान हैं। बताया जाता है कि युवक कर्ज में दबा हुआ था। इसके कारण वह कुछ दिनों से परेशान भी था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस पीएम कराया है। इसकी रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।चकरभाठा टीआइ रविंद्र अनंत ने बताया कि परसदा में रहने वाले रामविलास चौहान कबाड़ी का काम करते हैं। उनका बेटा दुर्गेश चौहान(20) भी काम में हाथ बंटाता था। सोमवार की सुबह नाश्ते के बाद दुर्गेश घर से बाहर निकला था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार की सुबह घर के पास ही मुख्य मार्ग पर स्थित शारदा मंदिर के पीछे स्थित तालाब में उसकी लाश मिली। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने गांव वालों की मदद से शव बाहर निकलवाया। युवक के सिर पर चोट के निशान थे। इसे देखकर स्वजन ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। इससे हत्या का कारण स्पष्ट होगा।

गर्लफ्रेंड से छेड़खानी, विरोध करने पर युवकों ने कर दिया चाकू से हमला
कंपनी गार्डन में घूमने आई युवती से छेड़खानी और उसके दोस्त पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है। घायल का उपचार कराने के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के बताए अनुसार हमलावर युवकों की तलाश की जा रही है।सरकंडा क्षेत्र के चिंगराजपारा में रहने वाले नानू निषाद बुधवार की शाम अपनी फ्रेंड को घुमाने के लिए कंपनी गार्डन लाए थे। गार्डन में युवती वाशरूम की ओर गई। वहां पर कुछ युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने शोर मचाकर अपने दोस्त को वहां पर बुलाया। नानू ने युवकों को समझाइश देकर बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर एक युवक ने उनके पैर में चाकू मार दिया। इससे से लहूलुहान हो गए। इधर हंगामा होते देख गार्डन में मौजूद लोग भी वहां पहुंचने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख हमलावर वहां से भाग निकले। घायल नानू ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। उसने बताया कि हमलावर एक युवक जबड़ापारा का रहने वाला है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
जुआरियों ने युवक की कर दी पिटाई, फोड़ा सिर
 जुआ खेल रहे युवकों ने नदी किनारे युवक की पिटाई कर दी। मारपीट से युवक का सिर फूट गया है। घायल ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।जूना बिलासपुर के केंवटपारा पचरीघाट में रहने वाले रोहित केंवट मछली दुकान में काम करते हैं। मंगलवार की रात करीब एक बजे वे नदी की ओर गए थे। इसी दौरान वहां पर जुआ खेल रहे युवक भागने लगे। मोहल्ले में ही रहने वाला बंकुश और उसके साथी रोहित के पास आए। उन्होंने पुलिस को बुलाने का आरोप लगाते हुए रोहित से गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर युवकों ने रोहित की पिटाई की। मारपीट से उसका सिर फट गया। लहूलुहान युवक ने घटना की जानकारी स्वजन को दी। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत की है। इस पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button