Sabotage: आंधी-तूफान से ब्लैक आउट, लोगों ने जोन कार्यालय में की तोड़फोड़

Sabotage: बिलासपुर। बिलासपुर शहर में शनिवार दोपहर अचानक बदले मौसम के मिजाज और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से शहर के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शनिवार शाम से शुरू हुआ अंधकार रविवार सुबह तक बना रहा, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने की स्थिति में उपभोक्ता देर रात तक बिजली फ्यूज कॉल सेंटर और जोन कार्यालयों में जानकारी के लिए पहुंचते रहे। हालांकि उन्हें केवल आश्वासन मिलता रहा कि बिजली जल्द बहाल की जाएगी। लगातार बिजली नहीं आने और समाधान न मिलने पर लोगों में आक्रोश फैल गया।
सूत्रों के अनुसार, नेहरू नगर जोन कार्यालय में उपभोक्ताओं के गुस्से के चलते तोड़फोड़ की भी घटना हुई है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बिजली कार्यालय के बाहर टूटे सामान और अव्यवस्था इसकी ओर संकेत करते हैं। रविवार को कार्यालय में अधिकारियों की अनुपस्थिति ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और गैर-जवाबदेही के चलते उन्हें बार-बार इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।





