विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की बड़ी तैयारी, बंगाल में 500 से अधिक विस्तारकों की नियुक्ति

कोलकाता। आगामी वर्ष की शुरुआत में होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने राज्यभर में 500 से अधिक विस्तारकों की नियुक्ति करने की योजना बनाई है, जिनका मुख्य काम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अब तक 250 पुरुष विस्तारकों की नियुक्ति हो चुकी है, जिन्हें 250 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इन विस्तारकों की ट्रेनिंग इस सप्ताह कोलकाता में आयोजित की जाएगी। साथ ही, भाजपा जल्द ही 250 महिला विस्तारकों की नियुक्ति भी करने जा रही है, जिन्हें विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बंगाल में महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी अधिक होने के कारण, पार्टी ने चुनिंदा 250 सीटों पर महिला विस्तारक भेजने की रणनीति बनाई है। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से कुछ क्षेत्रों में दो विस्तारक भी तैनात किए जा सकते हैं।
भाजपा संगठन ने स्पष्ट किया है कि विस्तारकों की नियुक्ति में पारदर्शिता और सावधानी रखी गई है। इसके लिए पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रत्येक विस्तारक को ऐसे विधानसभा क्षेत्र में भेजा जा रहा है, जहां वह स्वयं का निवासी न हो, ताकि वह निष्पक्ष रूप से संगठन के काम पर ध्यान केंद्रित कर सके। ये विस्तारक अगले छह महीनों तक लगातार मैदान में काम करेंगे, जब तक विधानसभा चुनाव संपन्न नहीं हो जाते।





