बीजेपी को मिलने जा रहा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन आज भरेंगे नामांकन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना है, जबकि औपचारिक घोषणा कल की जाएगी।
नितिन नबीन के नामांकन के लिए सभी राज्यों से समर्थन जुटाया गया है। पार्टी ने हर राज्य से प्रस्तावक मंगवाए हैं, ताकि संगठनात्मक एकता और सर्वसम्मति का संदेश दिया जा सके। प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
नामांकन प्रक्रिया दोपहर 2 से 4 बजे के बीच पूरी होगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। हालांकि अध्यक्ष पद के नाम का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा।
नामांकन के अवसर पर सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। पार्टी के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए न्यूनतम पांच राज्यों से प्रस्ताव आवश्यक होता है, लेकिन इस बार सभी राज्यों से प्रस्ताव मंगवाए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, 20 जनवरी को अध्यक्ष पद की घोषणा के बाद एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद 21 जनवरी को नितिन नबीन राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे, जिसमें संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।
बीजेपी की मतदाता सूची में कुल 5708 नाम शामिल हैं, जो 30 राज्यों में पूरे हो चुके संगठनात्मक चुनावों के आधार पर तैयार की गई है। कुछ राज्यों में अभी संगठन चुनाव बाकी हैं, लेकिन इसका असर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया पर नहीं पड़ेगा।





