हनीमून पर सिक्किम गए भाजपा नेता के भतीजे की गाड़ी खाई में गिरी, 13 दिन से लापता; सर्च ऑपरेशन जारी

दिल्ली। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से हनीमून मनाने सिक्किम गए एक नवविवाहित जोड़े की कार करीब 1000 फीट गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। यह हादसा 29 मई को लाचेन से लाचुंग लौटते समय हुआ, जब भारी बारिश के दौरान उनकी गाड़ी तीस्ता नदी के पास खाई में समा गई। इस हादसे के बाद से दंपति समेत वाहन में सवार 9 लोग लापता हैं।
लापता दूल्हा कौशलेंद्र प्रताप सिंह (29) भाजपा नेता उम्मेद सिंह का भतीजा है और उसकी शादी 5 मई को अंकिता सिंह (26) से हुई थी। दोनों 25 मई को सिक्किम के लिए रवाना हुए थे। हादसे में उनके अलावा दो उत्तर प्रदेश, दो त्रिपुरा, चार ओडिशा के पर्यटक और एक स्थानीय ड्राइवर भी शामिल थे। घटना के बाद से एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक किसी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। तीस्ता नदी और खाई के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान जारी है।
परिजनों ने बताया कि होटल से दंपति का सामान बरामद हो चुका है, लेकिन यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि वे नदी में डूबे या कहीं और फंसे हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है और अब भी लोग किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं। परिजन सिक्किम पहुंचकर स्थानीय प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से मिल चुके हैं और उन्होंने राज्य सरकार से भी अपील की है कि उनके बेटे-बहू को जल्द से जल्द खोजा जाए।





